शिवपुरी, 14 फरवरी।
जिले के करैरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांवड़ यात्रा से लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नारान पाल निवासी ग्राम चंदावनी, जिला शिवपुरी के रूप में हुई है। बताया गया है कि नारान पाल कांवड़ यात्रा पूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान करैरा क्षेत्र के ग्राम कलोथरा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
इधर, जैसे ही हादसे की सूचना मृतक के गृह ग्राम चंदावनी पहुंची, गांव में शोक का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
