शिवपुरी- 27 फरवरी 2026। जिले के अमोला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलैया में शुक्रवार दोपहर रास्ते के विवाद को लेकर एक महिला को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घायल महिला को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय से मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सलैया निवासी सुघरसिंह लोधी ने अपने पड़ोस में रहने वाली रानी सेन (पत्नी देवेंद्र सेन) को रास्ते के विवाद के चलते गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
मामले में डॉ. आयुष जाखड़ ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
