शिवपुरी/करैरा |
जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को थाना दिनारा, थाना करैरा एवं एसडीओपी कार्यालय करैरा का गहन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिला शिवपुरी के वार्षिक पुलिस निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया।
उल्लेखनीय है कि इसके एक दिन पूर्व 5 फरवरी 2026 को आईजी श्री सक्सेना द्वारा पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिवपुरी का वार्षिक निरीक्षण किया गया था। इसी क्रम में अगले दिन उन्होंने फील्ड स्तर पर पहुंचकर पुलिस कार्यप्रणाली की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थानों के समस्त महत्वपूर्ण रजिस्टरों, अपराध अभिलेखों एवं प्रशासनिक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। उन्होंने थाना परिसर की आधारभूत संरचना, थाना प्रभारी कक्ष, रोजनामचा एवं विवेचक कक्ष की कार्यशैली, CCTNS प्रणाली, कंप्यूटर संसाधनों, डेटा संधारण एवं रिकॉर्ड प्रबंधन की स्थिति का गहन अवलोकन किया।
इसके साथ ही मालखाना, शस्त्रागार, सुरक्षा-नियंत्रण व्यवस्था, आगंतुक कक्ष, स्टाफ आवास, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं, परिसर की स्वच्छता, अनुशासन एवं रख-रखाव को भी परखा गया।
आईजी श्री सक्सेना ने निरीक्षण के दौरान व्यवस्था सुधार, तकनीकी सुदृढ़ीकरण, क्षमता-वृद्धि एवं बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट व समयबद्ध दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों को संवेदनशील, त्वरित एवं पारदर्शी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
आईजी के इस निरीक्षण से जिले में पुलिसिंग को लेकर नई सक्रियता देखने को मिली है, वहीं अधिकारियों-कर्मचारियों में कार्यकुशलता एवं जवाबदेही बढ़ाने का स्पष्ट संदेश गया है।
