मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) के उप-मुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) (Nationalist Congress Party NCP)- के अध्यक्ष अजित पवार (Ajit Pawar) को आज बारामती के आखिरी सफर पर ले गया बम्बार्डियर लियरजेट 45 विमान (Bombardier Learjet 45 aircraft) ऐसे तो कम दूरी के सफर के लिए बहुत मुफीद चार्टर्ड फ्लाइट माना जाता है, लेकिन होनी को कुछ और मंजूर था। दिल्ली में रजिस्टर्ड वीएसआर एविएशन कंपनी का यह प्लेन VT-SSK नंबर से रजिस्टर्ड था। दुनिया भर की फ्लाइट्स के टेक ऑफ और लैंडिंग के पल-पल का हिसाब बताने वाली साइट फ्लाइट रडार पर इस जहाज का जो डेटा है, उसके मुताबिक बुधवार को बारामती (Baramati.) की उड़ान भरने से पहले पूरे एक दिन VT-SSK प्लेन मुंबई एयरपोर्ट पर खड़ा था।
फ्लाइट रडार पर सार्वजनिक रूप से इस विमान की आखिरी चार यात्राओं की जो जानकारी दिख रही है, उसके मुताबिक प्लेन ने 25 और 26 जनवरी को मुंबई और सूरत के तीन चक्कर लगाए थे। 25 जनवरी से पहले का डेटा फ्री में उपलब्ध नहीं है। डेटा के मुताबिक 25 जनवरी की रात 10.11 बजे यह छोटा जहाज सूरत से चलकर रात 11.09 बजे मुंबई आया। अगले दिन यानी 26 जनवरी की शाम 4.57 बजे जहाज फिर सूरत गया और वहां शाम 5.26 बजे लैंड कर गया। सूरत से प्लेन उसी रात 11.46 बजे उड़ा और 26 जनवरी की देर रात 12.22 बजे (27 जनवरी) को मुंबई पहुंच गया। उस समय से यह विमान मुंबई में ही था।
27 जनवरी को मुंबई एयरपोर्ट पर पार्क रहा VT-SSK विमान अजित पवार को लेकर 28 जनवरी की सुबह 8.10 बजे मुंबई से बारामती एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था, लेकिन बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की असफल कोशिश के बाद क्रैश हो गया। फ्लाइट रडार के मुताबिक प्लेन लैंडिंग में एक बार नाकाम रहने के बाद हवा में एक चक्कर मारकर दोबारा लैंड करने के लिए बारामती की हवाई पट्टी की तरफ जा रहा था, जब यह हादसा हुआ। अजित पवार के निधन की खबर सुनते ही पवार का पूरा परिवार और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडनवीस समेत कई नेता बारामती पहुंच गए हैं। अजित पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ गुरुवार को होगा।
