शिवपुरी। करैरा विधानसभा क्षेत्र के नरवर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम सड़खड़पुर निवासी सेना के जवान राजेश यादव के बेंगलुरु में निधन का दुखद समाचार सामने आया है। ड्यूटी के दौरान जवान के निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्राम पंचायत के सरपंच मुनेश यादव ने सेना के अधिकारियों से हुई बातचीत के आधार पर राजेश यादव के निधन की पुष्टि की है।
सरपंच मुनेश यादव ने बताया कि उनकी सेना के अधिकारियों से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें अधिकारियों ने जानकारी दी कि आज सुबह करीब 4:30 बजे ड्यूटी पर तैनात राजेश यादव अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजेश यादव के निधन की खबर जैसे ही उनके गृह ग्राम सड़खड़पुर पहुंची, परिवार और ग्रामीणों में शोक व्याप्त हो गया। मातृभूमि की सेवा के लिए सेना में कार्यरत जवान के असमय निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख है। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
कल वायुयान से ग्वालियर पहुंचेगा पार्थिव शरीर
जानकारी के अनुसार सेना द्वारा राजेश यादव के पार्थिव शरीर को वायुयान के माध्यम से कल ग्वालियर लाया जाएगा। इसके बाद सेना की निगरानी में पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से उनके गृह ग्राम सड़खड़पुर ले जाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की प्रक्रिया होगी।
मातृभूमि के सपूत को क्षेत्रवासियों ने दी श्रद्धांजलि
राजेश यादव के निधन पर क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सेवा और सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले जवानों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राजेश यादव का असमय निधन सड़खड़पुर ही नहीं, बल्कि पूरे करैरा-नरवर क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
