शिवपुरी। अग्रसेन विकास परिषद समिति द्वारा नवदुर्गा महोत्सव एवं डांडिया उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और मनोरंजन के अनूठे संगम वाले इस आयोजन में समिति की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मनोरंजक खेल, अंताक्षरी, प्रश्नोत्तरी और पारंपरिक डांडिया आकर्षण का केंद्र रहे।
समिति की जिला अध्यक्ष दीपा देवेंद्र बंसल ने बताया कि अग्रसेन विकास परिषद समिति समय-समय पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को एकजुट करने का प्रयास करती है। हाल ही में अग्रसेन जयंती के अवसर पर भी समिति द्वारा दो कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी क्रम में नवदुर्गा महोत्सव एवं डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी समाजसेवा के क्षेत्र में रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान आगामी आयोजनों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
मां दुर्गा की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा के चरणों में पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का सिलसिला शुरू हुआ। सर्वप्रथम आयोजित पंचुअलिटी गेम में वर्षा अग्रवाल विजेता रहीं। इसके बाद खेल प्रतियोगिताओं एवं अंताक्षरी का आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में मधु अग्रवाल ने प्रथम, रचना गोयल ने द्वितीय तथा अनीता बंसल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रश्नोत्तरी और डांडिया ने बढ़ाया उत्साह
उत्सव के दौरान नवदुर्गा, दीपावली एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। सही उत्तर देने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर डांडिया खेला। संगीत की धुन पर थिरकती महिलाओं के उत्साह और उमंग ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक डांडिया की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।
पदाधिकारियों एवं सदस्यों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दीपा देवेंद्र बंसल, महामंत्री संगीता जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजू मित्तल, उपाध्यक्ष बबली अग्रवाल एवं रीना अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिल्पी सिंघल, संगठन मंत्री ऋतु जैन एवं रश्मि अग्रवाल, सहमंत्री सुरभि अग्रवाल, रानी मंगल तथा कार्यकारिणी सदस्य विनीत बंसल सहित समिति की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का मंच संचालन दीपा बंसल ने किया, जबकि ऋतु जैन ने आभार व्यक्त किया। आयोजन ने महिलाओं को आपसी मेल-मिलाप, सांस्कृतिक सहभागिता और उत्सव के माध्यम से एकजुट होने का अवसर प्रदान किया।

