
शिवपुरी/करैरा। मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है कि शिवपुरी जिले की करैरा तहसील के ग्राम सिरसौद निवासी 11 वर्षीय सिद्धांत नीखरा पुत्र श्री डॉ योगेश नीखरा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। भोपाल में अध्ययनरत सिद्धांत ने ‘इंटरनेशनल एआई चैलेंज रशिया-2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में 75 से अधिक देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
प्रतियोगिता में अंतिम चरण के लिए केवल तीन प्रतिभागियों का चयन हुआ। सिद्धांत ने 50 बैंक दस्तावेजों के आधार पर ऐसा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कोड तैयार किया, जो उपयोगकर्ताओं के सवालों का सटीक जवाब देने में सक्षम है। उनके तैयार किए गए कोड की पब्लिक डेटा पर एक्यूरेसी 98.039 प्रतिशत और प्राइवेट डेटा पर 97.06 प्रतिशत रही। वहीं, अन्य दो फाइनलिस्ट की एक्यूरेसी क्रमशः 92 और 87 प्रतिशत दर्ज की गई।
सिद्धांत भोपाल के एक निजी स्कूल में कक्षा छठवीं के छात्र हैं। खास बात यह है कि उन्होंने महज तीसरी कक्षा से ही कोडिंग सीखना शुरू कर दिया था। इस उपलब्धि के पीछे उनके मेंटर तुषार ठाकरे का भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा है।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन रूस के प्रमुख बैंक स्बेरबैंक और एआई अलायंस रशिया द्वारा किया गया। सिद्धांत को इस उपलब्धि के लिए 23 से 28 नवंबर 2026 तक मॉस्को में आयोजित होने वाली एआई कॉन्फ्रेंस में सम्मानित किया जाएगा।
महज 11 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी प्रतिभा का परिचय देने वाले सिद्धांत की उपलब्धि से भोपाल के साथ-साथ उनके पैतृक गांव सिरसौद और शिवपुरी जिले में भी खुशी और गर्व का माहौल है।
