शिवपुरी, 8 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला दिवस सप्ताह के तहत फिट इंडिया वूमेन कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इसमें किशोरियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा शिवहरे ने कहा कि महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ने से केवल महिलाएं ही सशक्त नहीं हुई हैं, बल्कि पूरा परिवार खुशहाल हुआ है। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और बच्चों की शिक्षा के स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि महिला का शिक्षित होना पूरे परिवार के शिक्षित होने के समान है। आज हर क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने यह सिद्ध कर दिया है कि महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित किशोरी बालिकाओं से अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक कंचन गौड़ ने बताया कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा को सहन न करें और स्वयं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएं।
फिट इंडिया वूमेन कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजना कार्यालय से जिला कार्यालय तक साइकिल रैली निकाली गई, जो न्यू ब्लॉक होते हुए अस्पताल चौराहे तक पहुंची। इस दौरान किशोरियों को स्वल्पाहार एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि 27 नवंबर से बाल विवाह मुक्त भारत के लिए 100 दिवसीय अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। रविवार को इस अभियान के प्रथम चरण का समापन हुआ, लेकिन बाल विवाह की समाप्ति तक जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी। कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं ने बाल विवाह समाप्त करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी शहर नीरज गुर्जर, परियोजना अधिकारी नरवर रविरमन पाराशर, सामाजिक कार्यकर्ता जीतेश जैन, ममता संस्था से कल्पना रायजादा, वन स्टॉप सेंटर से मोहिनी पुरोहित, परियोजना शहर की सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।
