शिवपुरी। शिवपुरी जिले के विकासखंड करेरा के छोटे से गांव काली पहाड़ी की होनहार क्रिकेट खिलाड़ी पलक यादव और नैंसी यादव ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ग्रामीण अंचल में नियमित अभ्यास कर इस मुकाम तक पहुंचीं दोनों बेटियों की सफलता से काली पहाड़ी गांव सहित पूरे करेरा क्षेत्र में खुशी की लहर है।
पलक यादव और नैंसी यादव ने सीमित संसाधनों के बीच निरंतर अभ्यास करते हुए क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारा है। उनकी इस उपलब्धि के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के साथ उचित मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने में काली पहाड़ी के प्राचार्य एवं कोच अमोल सर के योगदान की भी सराहना की जा रही है।
दोनों खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर (खेल विभाग), क्रीड़ा प्रभारी अधिकारी (शिक्षा विभाग) एवं समस्त खेल प्रशिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तर तक पहुंचने वाली पलक यादव और नैंसी यादव की यह उपलब्धि अन्य प्रतिभाशाली बच्चों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से गांव की बेटियां भी अपनी पहचान बना सकती हैं।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर करेरा और मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

