
शिवपुरी, 30 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान का स्मरण करने तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय शिवपुरी में विशाल ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने बताया कि रन फॉर यूनिटी का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 बजे से होगा। दौड़ तात्या टोपे स्मारक से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए पुनः तात्या टोपे स्मारक पर संपन्न होगी।
उन्होंने जिले की विभिन्न खेल संस्थाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों, विद्यालयों में अध्ययनरत बालक-बालिकाओं तथा शासकीय कर्मचारियों से इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। संबंधित संस्थाओं के प्रशिक्षकों, शिक्षकों और प्रभारियों को भी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देगा आयोजन
रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य नागरिकों में एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित करना है। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने शहर के आम नागरिकों से भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
