
शिवपुरी, 29 अक्टूबर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर के हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान पर गुरुवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया की स्मृति में राज्य स्तरीय अंडर-18 बालिका हॉकी फीडर सेंटर प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने किया। पहले दिन ग्वालियर और सिवनी की टीमों ने एकतरफा जीत दर्ज कर अपने इरादे जाहिर किए।
द्वितीय कैप्टन राजमाता विजयाराजे सिंधिया सेंटर फॉर डेवलपमेंट (मध्यप्रदेश) के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 29 से 31 अक्टूबर तक खेली जाएगी। उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ प्रदर्शन करते हुए जिले, प्रदेश तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

ग्वालियर ने 8-0 से, सिवनी ने 11-0 से जीता मुकाबला
प्रतियोगिता के पहले दिन खरगौन और ग्वालियर के बीच खेले गए मुकाबले में ग्वालियर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में सिवनी की टीम ने रतलाम को 11-0 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में एशिया कप में खेल चुकीं नौसीन खान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांच गोल दागे।
आठ जिलों की टीमें दिखा रहीं दमखम
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के 29 जिलों में संचालित हॉकी फीडर सेंटर के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में शिवपुरी, सिवनी, खरगौन, रायसेन, ग्वालियर, गुना, सागर और रतलाम की टीमें भाग ले रही हैं। एस्ट्रोटर्फ मैदान पर फ्लड लाइट की व्यवस्था के बीच डे-नाइट मुकाबले लीग पद्धति से खेले जा रहे हैं। प्रत्येक टीम को तीन मैच खेलने का अवसर मिलेगा।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल कौशल निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम का संचालन कमल सिंह बाथम उर्फ शैरा ने किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य महिला क्रिकेट अकादमी के प्रशिक्षक अरुण कुमार सिंह सहित विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षक, खेल विभाग के कर्मचारी और वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता, उपविजेता तथा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
