
शिवपुरी। मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने बुधवार को शिवपुरी सर्किल जेल का निरीक्षण कर महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं और रहन-सहन की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान आयोग अध्यक्ष ने महिला बंदियों के साथ जेल में रह रहे बच्चों की आवश्यकताओं और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। बच्चों के बेहतर पालन-पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

नेत्रहीन बच्चों की शिक्षा के लिए ब्रेल विशेषज्ञ शिक्षक की व्यवस्था के निर्देश
सर्किल जेल के निरीक्षण के बाद आयोग अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने फतेहपुर स्थित सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, शिक्षा और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। नेत्रहीन बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ब्रेल लिपि के विशेषज्ञ शिक्षक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शिवपुरी जेल अधीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन सहित महिला एवं बाल विकास विभाग तथा बालगृह के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
