गोवा/नई दिल्ली, 5 अप्रैल 2026।
समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी कार्यों के लिए करैरा की बहू श्रीमती रचना शेर सिंह को सोशल रिसर्च यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली द्वारा मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गोवा में आयोजित एक भव्य एवं गरिमामय अंतरराष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें पांच देशों तथा भारत के 20 से अधिक राज्यों के विद्वानों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों की विशिष्ट उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में गोवा सरकार के पर्यटन विभाग के डायरेक्टर दीपक नार्वेकर, आदि लीला फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. एस. आदिनारायण, जिला जज डॉ. रविंद्र कुमार पाहुजा तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. योगेश कुमार ने संयुक्त रूप से रचना शेर सिंह को सम्मानित किया।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है। सम्मान प्राप्ति के पश्चात रचना शेर सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को लेकर उनके प्रयास निरंतर जारी रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समाज सेवा के संस्कार उन्हें अपने माता-पिता से विरासत में मिले हैं। उनके इस सामाजिक अभियान में उनके पति शेर सिंह एवं तीनों बच्चों का निरंतर सहयोग और प्रेरणा महत्वपूर्ण रही है।
रचना शेर सिंह लंबे समय से महिला सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों पर कार्य कर रही हैं। वर्तमान में वे आदिवासी बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने भविष्य में भी समाज के वंचित वर्ग, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।
