करैरा (शिवपुरी)– वर्षों से बंद पड़ी करैरा कृषि उपज मंडी में एक बार फिर रौनक लौटती नजर आ रही है। कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं एसडीएम अनुराग निगवाल के प्रयासों का परिणाम है कि मंडी परिसर में अब किसानों और व्यापारियों की सक्रियता बढ़ गई है।
प्रशासन द्वारा मुख्य मार्गों पर चल रही अवैध खरीद-फरोख्त पर सख्ती से रोक लगाए जाने के बाद शुक्रवार को मंडी प्रांगण अनाज से भरे वाहनों, किसानों और व्यापारियों से गुलजार दिखाई दिया। फसलों की डाक बोली के दौरान अच्छी-खासी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।
एसडीएम अनुराग निगवाल, तहसीलदार ललित शर्मा एवं मंडी सचिव मनोहर घोष स्वयं मंडी पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनकी मौजूदगी में किसानों की उपज की पारदर्शी डाक बोली कराई गई, जिससे किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सका। प्रशासन की इस सक्रियता से किसानों के चेहरों पर संतोष साफ झलकता नजर आया।
इस दौरान किसान प्रतिनिधियों ने एसडीएम अनुराग निगवाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं मंडी परिसर में किसानों एवं आमजन की सुविधा के लिए प्याऊ का शुभारंभ भी किया गया, जो भीषण गर्मी में राहत देने वाला कदम साबित होगा।
मंडी कार्यालय में व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने भी एसडीएम का स्वागत करते हुए अपनी समस्याएं रखीं। साथ ही हम्माल एवं तुलावटी प्रतिनिधियों ने भी माल्यार्पण कर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्साहित किसानों ने “एसडीएम जिंदाबाद” के नारे लगाए, जिससे पूरा मंडी परिसर गूंज उठा। किसानों का कहना है कि प्रशासन की सख्ती और निगरानी के चलते अब मंडी में व्यवस्थित और पारदर्शी व्यापार हो रहा है, जिससे उन्हें अपनी उपज का सही मूल्य मिल पा रहा है।
