
शिवपुरी। शहर के मानस भवन के सामने स्थित गांधी पार्क में श्री नवदुर्गा महोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम गरबा-डांडिया की धूम मची हुई है। 11 अक्टूबर से माता रानी की स्थापना के साथ शुरू हुआ यह महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ जारी है। आकर्षक साज-सज्जा से सजे मां दुर्गा के भव्य दरबार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं और धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहे हैं।
महोत्सव के अंतर्गत 12 अक्टूबर को महाआरती, धनुची आरती तथा मातृशक्ति के लिए थाली सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। 13 अक्टूबर को आरती के बाद रंगोली प्रतियोगिता, कृष्ण रासलीला और गरबा-डांडिया का आयोजन हुआ। वहीं, 14 अक्टूबर को माता रानी के जागरण का कार्यक्रम रखा गया तथा 15 अक्टूबर को लाइव गरबा-डांडिया की विशेष प्रस्तुति आयोजित की गई। पारंपरिक नृत्य और संगीत के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं।
सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखते हैं ऐसे आयोजन : सक्षम जैन

इस अवसर पर मां अंबे एसोसिएशन के अध्यक्ष सक्षम जैन अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्र शक्ति की आराधना, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। गरबा-डांडिया जैसी प्रस्तुतियां भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति से जोड़ती हैं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।
आयोजन समिति जुटी तैयारियों में
महोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने में आयोजन समिति सक्रिय भूमिका निभा रही है। समिति के अध्यक्ष सक्षम जैन, कार्यकारी अध्यक्ष गजेंद्र शिवहरे, उपाध्यक्ष डी.पी. शर्मा, सचिव प्रवीण पांडेय, कोषाध्यक्ष मनोज मिश्रा और सह कोषाध्यक्ष सुमित गुप्ता सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं। मुख्य संयोजक डॉ. प्रदीप विश्वास, डॉ. सुषमा पांडेय एवं विवेक शिवहरे सहित संयोजक मंडल भी आयोजन को सफल बनाने में योगदान दे रहा है।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की है। 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
